गवर्नमेंट हॉस्टल क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों में बदलाव

0
29

जयपुर। शहर के व्यस्ततम गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे पर यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। गवर्नमेंट हॉस्टल, अजमेर रोड और एमआई रोड क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था 8 फरवरी (रविवार) को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक प्रायोगिक तौर पर लागू की गई।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशानुसार ट्रैफिक पुलिस ने शहर के अत्यधिक दबाव वाले चौराहों को चिन्हित कर यह पहल की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे पर यातायात के साथ-साथ बसों की आवाजाही अधिक रहने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे देखते हुए यह प्रयोग किया जा रहा है।

नई ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार रहेगी

खासाकोठी से एमआई रोड जाने वाला यातायात गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से होकर एमआई रोड पर जा सकेगा।संसार चंद्र रोड से अजमेर रोड की ओर जाने वाला ट्रैफिक गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा होते हुए गवर्नमेंट प्रेस चौराहा से निकलेगा। अशोका मार्ग, मालवीय मार्ग व सरदार पटेल मार्ग से संसार चंद्र रोड, खासाकोठी व एमआई रोड जाने वाले वाहन गवर्नमेंट प्रेस चौराहा, एमईएस तिराहा और गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। अजमेर रोड से खासा कोठी रेलवे स्टेशन जाने वाला यातायात डाक बंगला कट व संजय टर्न से पिंक सिटी पेट्रोल पंप होकर जाएगा।

अजमेर रोड से एमआई रोड व संसार चंद्र रोड जाने वाला ट्रैफिक शालीमार तिराहा से एमईएस तिराहा और गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से निकलेगा। अजमेर रोड से सरदार पटेल मार्ग जाने वाले वाहन शालीमार तिराहा, एमईएस तिराहा व गवर्नमेंट प्रेस चौराहे से जाएंगे। इसके अलावा अजमेर रोड से चर्च रोड की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः निषेध रहेगा। पोलोविक्ट्री से गणपति प्लाजा होकर खासाकोठी की ओर यातायात नहीं जा सकेगा।

एमईएस तिराहा से अजमेर रोड की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और यातायात सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। प्रयोग के बाद व्यवस्था की समीक्षा कर आगे निर्णय लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here