जयपुर। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा को लेकर परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, प्रादेशिक परिवहन कार्यालय जयपुर द्वितीय द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के मद्देनज़र विधानसभा स्थित स्टेडियम परिसर में विशेष कैंप स्थापित कर बसों की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रातः लगभग 9 बजे तक करीब 150 बसें स्थल पर रिपोर्ट कर चुकी थीं। वाहनों की पार्किंग, आवागमन तथा समन्वय की व्यवस्था विभागीय अधिकारियों की निगरानी में सुचारु रूप से संचालित की जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और सभा स्थल पर आवागमन व्यवस्थित बना रहे।
बस चालकों एवं परिचालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थल पर टेंट लगाकर विश्राम की व्यवस्था की गई है। साथ ही शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि लंबी ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विभाग की ओर से कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। संबंधित व्यवस्थाओं के टेंट, बसों की कतार, शौचालय एवं पेयजल सुविधा से जुड़े वीडियो एवं फोटोग्राफ्स भी साझा किए गए हैं, जिनसे स्थल पर की गई तैयारियों का अवलोकन किया जा सकता है।




















