इनकम टैक्स रेड का डर दिखाकर 90 लाख की ठगी करने वाले शातिर नटवरलाल सहित दो गिरफ्तार

0
26
CID recovered cyber fraud amount with the help of Alwar DST
CID recovered cyber fraud amount with the help of Alwar DST

जयपुर। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने इनकम टैक्स रेड का भय दिखाकर 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके मुखबिर को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा थाना पुलिस ने इनकम टैक्स रेड का भय दिखाकर 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर ठग बाबूलाल वर्मा उर्फ बी.एल. गोयल (58) निवासी चूरू हाल माचेडा (हरमाड़ा) सहित मुखबिर रोहित वर्मा (24) निवासी नेपाल हाल वीकेआई गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 77 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी बाबूलाल वर्मा के पास से 52 लाख रुपये नकद मिले, जबकि रोहित वर्मा से 50 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी द्वारा ठगी की रकम से केनरा बैंक में लिया गया 25 लाख रुपये का गोल्ड लोन चुकाया गया था, जिसे भी रिकवरी में शामिल किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इस रकम से फ्लैट खरीदने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्त में आ गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।

थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील ने बताया कि परिवादी ने 17 मार्च 2026 को अपना प्लॉट बेचा था,जिसके एवज में उसे 90 लाख रुपये प्राप्त हुए। इसी दौरान मौजूद रोहित वर्मा ने रुपयों से भरे बैग और पूरी जानकारी शातिर ठग बाबूलाल वर्मा उर्फ बी.एल. गोयल को दे दी। जहां योजना के तहत अगले ही दिन आरोपी बाबूलाल वर्मा परिवादी के पास पहुंचा और खुद को प्रभावशाली बताते हुए इनकम टैक्स रेड पड़ने का डर दिखाया।

उसने रुपयों को सुरक्षित रखने के बहाने परिवादी को साथ लिया और एक बंद मकान में ले जाकर दूसरी मंजिल पर रखे पुराने फ्रिज में रुपयों से भरा बैग रखवा दिया। इसके बाद परिवादी को भोजन के बहाने बाहर भेज दिया। जब परिवादी वापस लौटा तो आरोपी और रुपयों से भरा बैग दोनों गायब थे।

इस घटना के बाद आरोपी मुंबई, भोपाल और उदयपुर में फरारी काटता रहा। जहां गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर भागने के पूरे रूट के सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिससे आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here