जयपुर। भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो शातिर इनामी अपराधी आरिफ उर्फ किलो और अरमान कुरैशी को गिरफ्तार किया है। जो लंबे समय से अलग-अलग स्थानों पर छिपकर फरारी काट रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरिफ उर्फ किलो निवासी भट्टा बस्ती और अरमान कुरैशी निवासी सुभाष चौक को गिरफ्तार किया है। ये दोनों अपराधी पुलिस थाना विद्याधर नगर के एक मुकदमे में वांछित थे और इन पर पांच—पांच रुपये का इनाम घोषित था।
ये दोनों अव्वल दर्जे के शातिर बदमाश हैं और इनके विरुद्ध जयपुर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं । इनकी सक्रियता के कारण क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की विधिक कार्यवाही के लिए विद्याधर नगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है ।
10 हजार के इनामी लक्खा सहित 4 बदमाश गिरफ्तार
विद्याधर नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित चार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित लखविन्द्र उर्फ लक्खा (10 हजार इनामी) निवासी कैथल हरियाणा को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी रंगदारी और डराने-धमकाने के मामले में लंबे समय से वांछित था ।
इसके अलावा अरमान कुरैशी निवासी सुभाष चौक ,आरिफ उर्फ किलो निवासी जालुपुरा और अनस खान निवासी नया जालुपुरा को पकडा है इन पर पांच —पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपी मोहम्मद बिलाल के जेल में निरुद्ध होने की तस्दीक की है ।
इस सफल कार्रवाई में विद्याधर नगर थानाधिकारी हिम्मत सिंह, भट्टा बस्ती थानाधिकारी दीपक त्यागी और उप-निरीक्षक हरिराम के नेतृत्व वाली टीमों की मुख्य भूमिका रही । पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है ।
12 साल से फरार स्थाई वारंटी शाहरुख गिरफ्तार
सुभाष चौक थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मोहम्मद शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है ।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करन शर्मा ने बताया कि शहर में वांछित अपराधियों, स्थाई वारंटियों और इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष कवियां के सुपरविजन में थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम के सदस्य कांस्टेबल दीपेंद्र सिंह और राहुल ने कड़ी मेहनत और आसूचना संकलन के जरिए आरोपी का सुराग लगाया । पुलिस ने घेराबंदी कर वांछित स्थायी वारंटी मोहम्मद शाहरुख (पुत्र कमरुद्दीन), निवासी रामगंज को गिरफ्तार किया । पकड़ा गया आरोपी शाहरुख पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहा था । उसके खिलाफ मारपीट और रास्ता रोकने का मामला दर्ज था, जिसमें वह लंबे समय से वांछित था ।




















