जयपुर। श्री खाटू श्याम सेवादार समिति जयपुर के तत्वावधान में अजमेर रोड 200 फीट बाइपास निर्माणनगर स्थित जिंदल गार्डन दो दिवसीय श्याम वार्षिकोत्सव भजन रस गंगा का शुभारंभ शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। श्री राम शिव हनुमान मंदिर, शिवाजी पार्क श्याम नगर पुलिस स्टेशन के पीछे निर्माण नगर से उत्सव स्थल तक कलश यात्रा में 301 महिलाएं एक समान परिधान में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए शामिल हुईं।
कलश यात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट और बग्गी सहित पारंपरिक लवाजमे के साथ बाबा श्याम को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए। संत-महात्माओं और समाजसेवियों ने पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा को विधिवत रवाना किया। आयोजन से जुड़े विमल सोनी ने बताया कि शनिवार को शाम 4:15 बजे से बाबा श्याम का रंग-बिरंगे फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
इसके बाद देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक संजू शर्मा (कोलकाता), रेशमी शर्मा (समस्तीपुर) सहित जयपुर के गोपाल सेन, रवि शर्मा, कपिल शर्मा, सागर शर्मा, राहुल पाडिय़ा, आदित्य छीपा, कुमार दया, कुशाल-विशाल और सोमेश जैन भजनों की प्रस्तुति देंगे। बाबा श्याम की ज्योत के समक्ष चढ़ावे के रूप में जो भी धनराशि एकत्रित होगी, उसे समाज के किसी पुनीत कार्य में खर्च किया जाएगा।




















