दम्पती से बाइक सवार दो बदमाशों ने की लूट

0
560

जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने दम्पती से लूटपाट की। पीड़ित बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने लूटपाट की।  छीना-झपटी के दौरान बाइक बेकाबू होने पर पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

शिवदासपुरा थाना पुलिस ने सूचना पर नाकाबंदी कराई, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। जांच अधिकारी एसआई जगदीश प्रसाद ने बताया कि लूट की वारदात शिवदासपुरा के गांव बोकडावास निवासी बनवारी लाल (29) के साथ हुई। शाम करीब 7:30 बजे वे पत्नी के साथ बाइक से वाटिका से घर लौट रहे थे। सूर्य नगर में पहुंचते ही बाइक सवार दो लड़के पीछे से आए। एक लड़के ने झपट्‌टा मारकर उनकी पत्नी के हाथ में लगा बैग छीनने की कोशिश की। मजबूती से बैग पकड़े होने के कारण बदमाश ने तेज झटका देकर बैग छीन लिया।

छीना-झपटी के कारण बाइक अनियंत्रित होने से बनवारी लाल और उनकी पत्नी रोड पर गिरकर घायल हो गए। बैग लूट की सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दम्पती का महात्मा गांधी हॉस्पिटल में उपचार करवाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बैग में मोबाइल-कैश और डॉक्यूमेंट रखे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक सवार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।     

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here