जयपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे दो बंदी फरार

0
83

जयपुर। लाल कोठी थाना इलाके में स्थित जयपुर सेंट्रल जेल से शनिवार सुबह दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शनिवार अल सुबह साढ़े तीन बजे कैदी पानी के पाइप के सहारे दीवार कूद कर फरार हो गए। शनिवार सुबह बंदियों  की गिनती के समय मामले का पता चलने पर जेल कर्मचारियों ने अधिकारियों को कैदियों के फरार होने की जानकारी दी। इधर बंदियों के फरार होने का पता चलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल कर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। वहीं इस मामले की जानकारी मिलते ही जेल विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेकर उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जेल (एडीजी) रुपिंदर सिंह ने बताया कि जयपुर सेंट्रल जेल से 28 वर्षीय बंदी अनस कुमार और 32 वर्षीय  नवलकिशोर महावर फरार हुए हैं। बंदी अनस यूपी के तालावाली बगिया फिरोजाबाद का रहने वाला है और नवल किशोर महावर इब्राहिमपुर थाना नई मंडी हिंडौन सिटी करौली का रहने वाला है।  दोनों बंदी जेल के बाथरूम से निकलकर दीवार पर चढ़कर फरार हुए हैं। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दीवार पर पानी का पाइप लटका हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि पानी के पाइप के सहारे कूद कर फरार हुए हैं। दोनों बंदी इसी सप्ताह जेल में आए थे। बंदी अनस सांगानेर से चोरी के मामले में 15 सितंबर को जेल में पहुंचा था,जबकि बंदी नवल किशोर मालपुरा से चोरी के मामले में 17 सितंबर को जयपुर सेंट्रल जेल पहुंचा था और दोनो ही 13 नंबर बैरक में बंद थे।

पुलिस महानिदेशक जेल ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

 इधर पुलिस महानिदेशक जेल (डीजी) गोविंद गुप्ता ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जेल विक्रम सिंह को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे घटनाक्रम में जिस भी अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही रही है। उस पर जल्द गाज गिर सकती है। जेल विभाग के आला अधिकारी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं पुलिस की टीम में दोनों बंदियों की तलाश में जुट गई है। इसके अलावा जयपुर शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर पुलिस की कड़ी नाकाबंदी कर दी गई ।

 कैदियों का भाग जाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें अनस और नवल किशोर के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस घटना के बाद से जेल की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं हाई-सिक्योरिटी वाली जेल से इस तरह कैदियों का भाग जाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है।

दोनो ही कई मामले में आरोपित है

पुलिस जानकारी में सामने आया कि बंदी अनस चोरी के अलावा घर में घुसपैठ के तीन मामलों में सजा काट रहा था और वहीं नवल किशोर चोरी सात मामलों सहित जेल में रहते हुए अन्य कैदियों के साथ साजिश रचने का भी आरोपित था। दोनों के फरार होने से जेल सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

जेल से भागने की पूरी साजिश पहले से ही रची गई

यह घटना दिखाती है कि दोनों ने भागने की पूरी साजिश पहले से ही रच रखी थी। जेल के अंदर सुरक्षा—बैरिकेड्स और उन पर तैनात जेल प्रहरियों को चकमा देते हुए पानी के पाइप को चुराना। इसके बाद इस पाइप की मदद से  27 फीट ऊंची दीवार फांदना और हाईटेंशन बिजली के तारों से बच कर निकल जाना पूरी तरह ‘फिल्मी स्टाइल से किया गया है।

कैदियों की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित

जयपुर पुलिस ने दोनों कैदियों के खिलाफ फरार होने के लिए अलग से मामला दर्ज किया है। इसके अलावा विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो कैदियों के संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है। पुलिस ने दावा किया है कि वह जल्द ही दोनों कैदियों को गिरफ्तार कर लेंगे। जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि फरारी में जेल के किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो सकती हैं,जैसा कि पिछले मामलों में सामने आया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here