जयपुर। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त संजीव नैन ने बताया कि मालपुरा गेट थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले वाहन चोर जगमोहन मीणा (40): निवासी दौसा हाल मानसरोवर जयपुर और मुकेश हरिजन (29) निवासी डिग्गी जिला टोंक हाल सांगानेर को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक चोरी की बाइक भी जब्त की है।
थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों से पूछताछ की । मुखबिर और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा । पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदयभान, हेड कांस्टेबल बृजमोहन, धोलीबाई, कांस्टेबल कर्ण, विजयभान, योगराज और सीएसटी टीम की मुख्य भूमिका रही ।
मोबाइल चोरी और खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
सांगानेर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने और उसे खरीदने के आरोप में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त संजीव नैन ने बताया कि सांगानेर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने और उसे खरीदने के आरोप में अभिषेक कुशवाहा निवासी शाहपुरा (उत्तर प्रदेश) हाल निवारू रोड जयपुर और ललित राव निवासी निवारू रोड जयपुर को गिरफ्तार किया है।
सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अभिषेक कुशवाहा जब्तशुदा यह मोबाइल ललित राव से खरीदा था। ललित ने उसे मोबाइल का कोई बिल नहीं दिया था।
अभिषेक इस मोबाइल को आगे बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी लिखमाराम के साथ हेड कांस्टेबल रामप्रकाश, कांस्टेबल शंकर लाल,दीपक और विष्णु कुमार शामिल थे।




















