वरुथिनी एकादशी सोमवार को: मंदिरों में सजेगी विशेष झांकियां

0
26
Two-day Pushpa Phaag concludes at Govinddev Ji Temple
Two-day Pushpa Phaag concludes at Govinddev Ji Temple


जयपुर। वैशाख कृष्ण एकादशी 13 अप्रेल को वरुथिनी एकादशी के रूप में मनाई जाएगी। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान का पूजन करेंगे। गोविंद देवजी मंदिर में मुख्य उत्सव होगा। ठाकुरजी को लाल रंग की पोशाक धारण कराकर गोचारण लीला के भाव से श्रृंगार किया जाएगा। एकादशी पर यहां विशेष झांकी सजाई जाएगी। एकादशी पर  दुर्लभ राज पंचक बनेगा। इसे आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ भौतिक और आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत फलदायी बना रहा है। सामान्यत: पंचक को वर्जित माना जाता है, किंतु सोमवार से आरंभ होने वाला राज पंचक शुभ कार्यों के लिए अनुकूल माना गया है।
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा के अनुसार इस विशेष योग में किए गए कार्यों में सफलता की संभावनाएं प्रबल रहती हैं। वरुथिनी एकादशी तिथि 13 अप्रैल को रात्रि 1:17 बजे प्रारंभ होकर 14 अप्रैल को रात्रि 1:08 बजे समाप्त होगी। ऐसे में व्रत 13 अप्रैल को रखा जाएगा, जबकि पारण 14 अप्रैल को द्वादशी तिथि पर किया जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह दिन भगवान विष्णु की आराधना के लिए समर्पित होता है। श्रद्धालुओं को इस दिन पीले वस्त्र अर्पित कर, चंदन या हल्दी का तिलक लगाकर विधिपूर्वक पूजा करनी चाहिए। पूजन में पीले पुष्प, केला, चने की दाल, गुड़, पंजीरी तथा तुलसी दल अर्पित करना शुभ माना गया है। बिना तुलसी के पूजन अधूरा माना जाता है। अंत में विष्णु चालीसा और आरती के साथ पूजा संपन्न की जाती है।
ज्योतिष विशेषज्ञों का कहना है कि यह दिन लंबे समय से लंबित सरकारी कार्य को गति देने, भूमि-भवन अथवा अन्य अचल संपत्ति के क्रय-विक्रय, नए व्यापारिक अनुबंधों तथा बड़े निवेश के लिए विशेष रूप से अनुकूल है।
व्रत रखने से होगी कामना पूर्ति:
ज्योतिषाचार्य पं. सुरेन्द्र गौड़ ने बताया कि धार्मिक ग्रंथों में एकादशी को केवल व्रत का दिन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का प्रतीक बताया गया है। श्रद्धा और नियमपूर्वक व्रत एवं पूजा करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है तथा मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here