जयपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत श्याम नगर थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर अशोक माली (23) निवासी अमरगढ़ जिला करौली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें औने-पौने दामों में बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है। थानाधिकारी दलवीर सिंह ने बताया कि परिवादी यज्ञेश पति त्रिपाठी (35) निवासी कटेवा नगर विस्तार, न्यू सांगानेर रोड ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 4 मार्च को उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी, जो शाम तक चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील शर्मा के सुपरविजन में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को चिन्हित करते हुए धर—दबोचा है।




















