जयपुर। सुभाष चौक थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा के अनुसार 5 मार्च 2026 को पीड़ित द्वारा सुभाष चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 4 मार्च की तड़के करीब 4:45 बजे अज्ञात व्यक्ति खिड़की के रास्ते घर में घुसा और एलईडी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन में थाना अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जावेद बेग (31) निवासी सुभाष चौक क्षेत्र है, जो वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी के कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कार्मिकों की विशेष भूमिका रही।




















