जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सिरोही टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत अनादरा (पंचायत समिति रेवदर) के ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में उसके पुत्र अखिलेश कुमार को भी सह आरोपी बनाया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सिरोही को शिकायत मिली थी कि ग्राम आमला खेड़ा ग्राम पंचायत अनादरा में परिवादी के आवासीय भूखंड पर निर्माण स्वीकृति जारी करने तथा सीमांकन के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी सड़क पर कानूनी कार्रवाई नहीं करने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के निकट पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल ने अपने पुत्र अखिलेश कुमार के माध्यम से परिवादी से एक लाख रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की।
इसके बाद पुत्र मौके से फरार हो गया। एसीबी टीम ने आरोपी से पूछताछ कर उसके पुत्र की निशानदेही पर कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में गाड़ी हुई एक लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।



















