जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विभिन्न स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन के आयोजन हुए। आदर्श नगर स्थित आनन्दपुरी पार्क में सुबह 11 बजे से हिन्दू सम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता युवाचार्य स्वामी राघवेंद्र आचार्य महाराज ने आयोजन में शिरकत की। इससे पूर्व धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से सुबह बीस दुकान स्थित कृष्णा मंदिर से गाजेबाजे के साथ 1100 महिलाओं की कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति सिर पर कलश लेकर शामिल हुई । विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा आनन्दपुरी पार्क पहुंची। जगह-जगह यात्रा का विभिन्न संगठनों ने स्वागत सत्कार किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन सैनी ने बताया गया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव उद्देश्य से किया जा रहा है। मातृ शक्ति की ओर से भारत माता की महाआरती हुई। हिंदू सम्मेलन के अवसर पर सम्मान समारोह, संत आशीर्वचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।




















