प्रेमभाया महोत्सव में गूंजे भक्ति संगीत के स्वर

0
26

जयपुर। ढूंढाड़ क्षेत्र के पारंपरिक 86वें श्री प्रेमभाया महोत्सव के तहत आयोजित चार दिवसीय भक्ति संगीत समारोह के तीसरे दिन शुक्रवार को चांदपोल स्थित जय लाल मुंशी का रास्ता के युगल कुटीर में भक्ति का रंग देखने को मिला। फूलों और इत्र की सुगंध से महकते माहौल में भजन-कीर्तन से श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति के संरक्षक विजय किशोर शर्मा ने ‘उद्धार करो जी काया को, होली टीबे मैलों भरे छै प्रेमभाया को…’ भजन से की। इसके बाद परवीन मिर्जा ने ‘मैं दासी छूं आपकी, राधा छै म्हारो नाम…’, कृतिनेय शर्मा ने ‘पाछां सै मटकी फोड़ी या काहे की होरी कानूड़ा…’ और राकेश शर्मा ने ‘हे कृष्ण कब तुम कृपा करोगे…’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। गोपाल सैन, अभिषेक और नामा सहित अन्य भजन गायकों ने भी सुमधुर प्रस्तुतियां दीं।

दिन में महिला मंडलों ने भी भक्ति रस की वर्षा की। कृपा शर्मा ने ‘आओ जी नट नगरिया बेगा सा आओ जी…’ और मोहनी सोनी ने ‘मुझे दिन-रात ऐ मोहन तुम्हारी याद आती है…’ भजन प्रस्तुत किए। अनिता सैनी, राखी चतुर्वेदी सहित अन्य गायिकाओं ने भी अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।

महोत्सव में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सरस निकुंज से अलबेली माधुरी शरण महाराज, काले हनुमान जी से गोपाल दास महाराज, विधायक बालमुकुंदाचार्य और गढ़ गणेश मंदिर से युवाचार्य आनंद औचित्य सहित कई संत-महंत व जनप्रतिनिधियों ने भी हाजिरी लगाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here