व्यंजन द्वादशी आज: ठाकुरजी को लगेगा 101 व्यंजनों का भोग

0
68

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर गोविंद धाम मेंं मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष द्वादशी दो दिसंबर को व्यंजन द्वादशी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। शीत ऋतु में ठाकुर श्रीजी के भोग परिवर्तन के विशेष पर्व के अंतर्गत ठाकुरजी को ऊष्मा प्रदान करने वाले विविध पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।

महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में मंगलवार को दोपहर 12 से 12:30 बजे तक ठाकुर श्रीजी की उत्सव व्यंजन द्वादशी झांकी के विशेष दर्शन होंगे। इसलिए 11 बजे होने वाली राजभोग झांकी के दर्शन नहीं होंगे। अन्य झांकियों का समय यथावत रहेगा। इस अवसर पर ठाकुर श्री गोविन्द देवजी महाराज को 101 प्रकार के व्यंजन समर्पित किए जाएंगे। इनमें छप्पन भोग तथा 25 प्रकार के कच्चे भोग के विशेष व्यंजन शामिल होंगे।

भोग में मुख्य रूप से मेवा मिश्रित खीचड़ा, दाल के बड़े, राधा रानी जी का प्रिय अरबी भोग प्रमुख रहेंगे। दर्शनार्थियों को खीचड़ा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। उत्सव से पूर्व मंगला झांकी के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पीली केसरिया पोशाक एवं अंगरखी परिधान धारण कराए जाएंगे। विशेष अलंकारों से मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा।

दस्ताने-मोजे-मफलर धारण करेंगे श्रीजी

मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि व्यंजन द्वादशी से ठाकुरजी की दैनिक सेवा विधान में भी शीत ऋतु के अनुसार परिवर्तन किया जाएगा। ठाकुर श्रीजी को हाथों में दस्ताने, श्रीचरणों में मोजे तथा गुलीबंद (मफलर) धारण कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here