जयपुर। पुलिस थाना जालूपुरा की टीम ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब आठ माह से फरार चल रहा था और जयपुर में होटल लीज पर लेकर अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि पुलिस थाना जालूपुरा की टीम ने मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने के मामले में 10 हजार रुपए के इनामी मुख्य सरगना गुल बहार अली उर्फ राहुल (32) निवासी असम को मानसरोवर स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जयपुर में होटल लीज पर लेकर देह व्यापार का संचालन करता था।
थानाधिकारी हवा सिंह मंगावा ने बताया कि 29 जुलाई 2025 को एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन जयपुर की सहायक परियोजना अधिकारी जय शशि शर्मा की रिपोर्ट पर जालूपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया था कि 26 जुलाई 2025 को दो नाबालिग लड़कियों को बालिका गृह में दाखिल कराया गया था।
काउंसलिंग के दौरान एक पीड़िता ने बताया कि उसे एक वर्ष पूर्व बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत लाया गया। जहां अंकलेश्वर, कोलकाता और चेन्नई होते हुए जयपुर लाकर देह व्यापार में धकेल दिया गया। दूसरी पीड़िता ने बताया कि उसे दो माह पहले जयपुर में इस धंधे में जबरन उतारा गया।
इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र कुमार मीणा के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

















