जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने गत चार माह से फरार चले रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, आरोपी मारपीट, लज्जा भंग ,फायरिग व हत्या के प्रयास में फरार चल रहा था। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से फरारी के समय साथ देने वालों के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त संजीता शर्मा ने बताया कि गत 21 दिसम्बर 25 को परिवादिया नसीम बानो के साथ मारपीट कर लज्जा भंग कर हत्या के प्रयास व फायरिंग की घटना हुई थी। परिवादिया ने आरोपी शाहीद खान (30) पुत्र आबीन खान ,शक्ति कॉलोनी बिहारियों का चौक आमागढ ,ट्रांसपोर्ट नगर निवासी व वाहीद खान (24) पुत्र आबीन शक्ति कॉलोनी व अरबाज उर्फ काला के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने शाहिद खान व वाहीद खान को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी अरबाज उर्फ काला व आबिद खान वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे थे। जिस पर पुलिस ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर अरबाज खान उर्फ काला 26 पुत्र बली मोहम्मद ,नाग तलाई ,कली का भट्टा गलता गेट निवासी को दबोच लिया।



















