कई राज्यों में वांटेड 25 हजार इनामी बदमाश विक्की गिरफ्तार

0
43
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.

जयपुर। मालवीय नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय इनामी बदमाश विक्रम कादियान उर्फ बिक्की को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में लूट, हत्या और चोरी के 85 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है। उसने हाल ही में मालवीय नगर इलाके से एक आई-20 कार चोरी की थी। वारदात के बाद बदमाश ने उसी चोरी की कार का इस्तेमाल कर शिप्रा पथ इलाके में एक महिला के गले से सोने की चैन लूटने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार बरामद कर ली है।

वारदात के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और एसीपी विनोद शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शहर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और तकनीकी विश्लेषण की मदद ली। आखिरकार पुलिस की घेराबंदी के आगे बदमाश पस्त हो गया और उसे दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी विक्रम कादियान उर्फ बिक्की (40) मूल रूप से झज्जर, हरियाणा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों में संगीन अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। जो करीब आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि जयपुर में उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।

इस बड़ी सफलता में थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह, डीएसटी प्रभारी सुखबीर सिंह, उपनिरीक्षक विजय पाल और बन्नालाल सहित हेड कांस्टेबल गौरव सोलंकी की तकनीकी भूमिका सराहनीय रही। पुलिस कमिश्नरेट इस टीम को पुरस्कृत करने की तैयारी कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here