जयपुर में कचरा प्रबंधन को तकनीकी मजबूती: सौ टन क्षमता का मॉडर्न ट्रांसफर स्टेशन तैयार

0
35

जयपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम जयपुर ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली रोड स्थित मीणा पेट्रोल पंप के पास स्थापित किया गया मॉडर्न मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। फिलहाल इसका फाइनल ट्रायल चल रहा है और शीघ्र ही इसे आमजन के लिए संचालन में लाया जाएगा। इसके शुरू होने से कचरा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह मशीन-टू-मशीन हो जाएगी। जिससे लोगों को गंदगी, बदबू और प्रदूषण से राहत मिलेगी।

नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि यह आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन प्रतिदिन 100 टन कचरे के निस्तारण की क्षमता रखता है। स्टेशन पर 2 स्टैटिक कॉम्पेक्टर मशीन, 3 हुक लोडर और 6 कंटेनर स्थापित किए गए हैं। निगम के विभिन्न वार्डों से ऑटो हॉपर के जरिए आने वाले कचरे को पहले बिन-कार्ट में डाला जाएगा, जहां से हाइड्रोलिक स्टैटिक कॉम्पेक्टर द्वारा कचरे को दबाकर कंटेनरों में भरा जाएगा। इसके बाद हुक लोडर की सहायता से कंटेनरों को सीधे कचरा प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाएगा।

डॉ. सैनी ने बताया कि इस मशीन-टू-मशीन ट्रांसफर सिस्टम के कारण कचरा जमीन पर नहीं गिरेगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में गंदगी, दुर्गंध और पर्यावरण प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी। खुले में कचरा फैलने से होने वाले जन-स्वास्थ्य जोखिम भी कम होंगे।

उन्होंने बताया कि बजट घोषणा के अनुरूप नगर निगम द्वारा एक सुपर सकर मशीन एवं दो डंप ट्रक का संचालन भी प्रारंभ कर दिया गया है। सुपर सकर मशीन के माध्यम से सीवर लाइनों में जमा सिल्ट और गंदगी को हाई प्रेशर सेक्शन से निकाला जाता है और डंप ट्रक में परिवहन किया जाता है। इस मशीन का उपयोग शहर के उन क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां सीवर लाइन चोकिंग की शिकायतें बार-बार सामने आती हैं, ताकि सीवर की गहन सफाई कर समस्या का दीर्घकालीन समाधान किया जा सके।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि मॉडर्न ट्रांसफर स्टेशन के शुरू होने से जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनेगी। निगम का लक्ष्य कचरा प्रबंधन को पूरी तरह वैज्ञानिक और तकनीक आधारित बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here