एकादशम् कन्या पूजन: 621 बच्चियों को भोजन कराकर देंगे उपहार

0
40
We will serve a meal to 621 girls and present them with gifts.
We will serve a meal to 621 girls and present them with gifts.

जयपुर। रामनवमी पर छोटीकाशी में जगह-जगह कन्या पूजन के कार्यक्रम होंगे। इसकी तैयारियां जोरों पर है। इसी कड़ी में पतंजलि किसान सेवा समिति एवं उत्थान सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रामनवमी के उपलक्ष्य में 26 मार्च को झोटवाड़ा में नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी परिसर में आयोजित होने जा रहे एकादशम् कन्या पूजन एवं वैदिक यज्ञ महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

समिति के अध्यक्ष कैप्टन शीशराम चौधरी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत वैदिक विधि-विधान से यज्ञ, कन्या पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहने की संभावना है। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और शहरभर से श्रद्धालुओं एवं संस्थाओं का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हो रहा है।

चौधरी ने बताया कि कन्या पूजन में इस बार 621 कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। ये कन्याएं आसपास की विभिन्न झुग्गियों से गाडिय़ों में बैठाकर लाई जाएंगी। बच्चियों के पैर धोकर तिलक-चुनरी से सम्मान किया जाएगा। इसके बाद सभी को प्रेमपूर्वक भोजन कराया जाएगा। सभी बच्चियों को उपहार भेंट किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है जो लोग यह आयोजन करवा रहे हैं उनमें अधिकांश पूर्व सैन्य अधिकारी अथवा सेवानिवृत अधिकारी-कर्मचारी हैं जो राजकीय सेवा से निवृत्त होने के बाद बच्चियों की शिक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। संस्थान की ओर से झुग्गी बस्तियों में निशुल्क आपणी पाठशाला का भी संचालन किया जा रहा है। महोत्सव को सफल एवं शानदार बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं योग संस्थाओं से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित करने का अभियान निरंतर जारी है।

विभिन्न कॉलोनियों में जन संपर्क जारी:

इसी क्रम भास्कर कॉलोनी स्थित योग पार्क में के ओ.पी. गुप्ता, शालिनी, यज्ञ प्रभारी राजेश गुप्ता, कैप्टन शीशराम चौधरी, शिवानंद त्रिपाठी एवं कैप्टन एस.आर. मुंड ने आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया। नांगल जैसा बोहरा स्थित बोहरा जी की बावड़ी योग कक्षा परिसर में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों को कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान पतंजलि योग समिति के प्रदेश अभिभावक कुलभूषण बैराठी, लोहामंडी स्थित जमुना विद्यापीठ के निदेशक विक्रम सिंह, सेंट रोज पब्लिक स्कूल के निदेशक हंसराज लोरा, सुपर फुटवियर इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक कैलाश चंद बोहरा एवं सियाराम बोहरा उपस्थित थे।

इसी कड़ी में झोटवाड़ा क्षेत्र के बाढ़पीठावास स्थित योग कक्षा में कैप्टन शीशराम चौधरी एवं गोपाल पारीक ने योग प्रशिक्षक भगवान राम एवं रघुराज सिंह से पोस्टर का विमोचन करवाया। इस दौरान आमंत्रण अभियान में कैप्टन शीशराम चौधरी, शिवानंद त्रिपाठी, रमेश गोयल, कैप्टन एस.आर. मुंड, रमेश चंद्र शर्मा, कर्नल जगदीश चंद्र, अशोक अग्रवाल, होशियार सिंह सहित कई गणमान्यजन सक्रिय रूप से सहभागी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here