जयपुर। शहर के गीता गायत्री मंदिर में 19 मार्च को प्रातः 7:15 बजे घंटे-घड़ियाल बजाकर नव संवत्सर का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर घट स्थापना के साथ महाआरती आयोजित होगी तथा भगवान रघुनाथ जी को पंचांग वाचन भी किया जाएगा।
मंदिर में नवरात्रि महोत्सव पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा सप्तशती पाठ, सुंदरकांड और हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठान प्रतिदिन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पंचम नवरात्र 23 मार्च को प्रातः 10 बजे विशाल कन्या एवं बटुक पूजन का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं 26 मार्च को दोपहर 12 बजे भगवान रघुनाथ जी का पंचामृत अभिषेक कर उन्हें नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी और घंटे-घड़ियाल के साथ रामनवमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार नव संवत्सर एवं नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।




















