जयपुर। जीआरपी थाना पुलिस ने काफी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहीं इनामी महिला तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस गिरफ्तार तस्कर महिला से फरारी काटने व सहयोग करने वालों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस मुख्यालय ने वांछित अपराधियों की धरपकड के लिए विशेष अभियान चलाया था।
विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 10 हजार की इनामी महिला तस्कर शिवाली बेगम (32) को बैंगलूरु निवासी को उसके निवास स्थान पर दबोच लिया। वह एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में काफी लंबे समय से वांछित चल रहीं थी।
विशेष अभियान के तहत ये कार्रवाई एडीजीपी रेलवे सुष्मित विश्वास, आईजी रेलवे अजय पाल लाम्बा और जीआरपी अजमेर के पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर की गई। एडिशनल एसपी जीआरपी अजमेर और वृताधिकारी जीआरपी जयपुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी अरुण चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
इनामी महिला तस्कर को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम ने तकनीकी संसाधन का प्रयोग करते हुए उसे लगातार ट्रेस किया। जिसके बाद टीम में शामिल थाना प्रभारी अरुण चौधरी सहित जगदीश प्रसाद (सब इंस्पेक्टर), प्रकाश चंद, रामचंद्र, माणक चंद और महिला कॉंस्टेबल सरिता ने बैंगलूरु से महिला तस्कर को दबोच लिया।

















