जयपुर। श्याम नगर थाना इलाके में शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने मदद के बहाने महिला से दोस्ती की। विरोध करने पर मारपीट कर जबरन दुष्कर्म किया। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सोडाला योगेश चौधरी कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि श्याम नगर निवासी 34 वर्षीय एक महिला ने मामला दर्ज करवाया कि करीब 10 साल पहले तबीयत खराब होने पर रास्ते में कमल यादव से मुलाकात हुई थी। मदद के बहाने आरोपी कमल यादव ने उसको डॉक्टर को दिखाकर घर पर छोड़ा। मदद के चलते दोनों में मोबाइल पर बातचीत होने लगी। दोस्ती कर आरोपी ने अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर शादी का वादा किया। शादी का झांसा देकर आरोपी लगातार दुष्कर्म करने लगा। मना करने पर मारपीट कर देहशोषण करता। शादी करने का दबाव बनाने पर आरोपी ने मना कर दिया। धोखे का एहसास होने पर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
मोबाइल पर दोस्ती गांठकर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म
करणी विहार थाना इलाके में मोबाइल कॉल पर दोस्ती कर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडिता का आरोप है कि आरोपित ने उसे मिलने बुलाकर एक कैफे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। मामले की जांच थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि श्याम नगर निवासी व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाया कि उसकी 15 वर्षीय एक बेटी के साथ एक लड़के ने दुष्कर्म किया है। शिकायत में बताया कि करीब 20 दिन पहले नाबालिग बेटी के मोबाइल कॉल पर एक लड़के से बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने मिलने के बहाने उसे बुलाया। एक जून को मिलने जाने पर आरोपी गांधी पथ स्थित एक कैफे में नाबालिग बेटी को ले गया।
कैफे के कमरे में आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। उसका वीडियो अपने मोबाइल में बनाकर वायरल करने की धमकी दी। किसी को बताने पर परिवार को मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। डरी-सहमी रहने के बाद नाबालिग बेटी ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




















