जयपुर। राजधानी के जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक विद्युत हादसे में बिजली विभाग के हेल्पर की मौत हो गई। हादसा भांकरोटा स्थित 132 केवी जीएसएस के पास हुआ, जहां 33 केवी लाइन पर काम करते समय करंट लगने से कार्मिक बुरी तरह झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली विभाग का हेल्पर विद्यानंद झा लाइन पर कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि जिस लाइन पर शटडाउन लिया गया था, उसके बजाय वह गलती से चालू लाइन पर चढ़ गया। करंट लगते ही वह करीब दस मिनट तक लाइन पर ही झूलता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे कार्मिक को तुरंत अस्पताल भेजा गया। उसे सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान हुई चूक के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल बिजली आपूर्ति को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।




















