जयपुर। होली के बाद रंग छुड़ाने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल नुस्खों का इस्तेमाल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। जहां लोग इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘इंस्टेंट रंग हटाने’ के दावों वाले वीडियो देखकर डिटर्जेंट, ब्लीच और अन्य केमिकल का उपयोग कर रहे हैं, जिससे त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। शहर के अस्पतालों की डर्मेटोलॉजी ओपीडी में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
चिकित्सक महेश सिंह के अनुसार पिछले दो दिनों में सैकड़ों मरीज ऐसे आए हैं। जिनकी त्वचा इन नुस्खों से प्रभावित हुई है। वहीं इन गलत तरीकों से कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस, स्किन पीलिंग, स्थायी निशान और हाइपरपिग्मेंटेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सोशल मीडिया पर डिटर्जेंट-ब्लीच का मिश्रण, पेट्रोल या केरोसिन का उपयोग और नींबू-बेकिंग सोडा को त्वचा पर रगड़ने जैसे नुस्खे बताए जा रहे हैं, जो त्वचा के लिए बेहद हानिकारक हैं।
चिकित्सक महेश सिंह ने सलाह दी है कि रंग हटाने के लिए ठंडे पानी,माइल्ड क्लींजर और नारियल तेल का उपयोग करें। यदि रंग तुरंत न निकले तो उसे समय दें। क्योंकि त्वचा की कोशिकाएं धीरे-धीरे स्वयं रंग छोड़ देती हैं।




















