जयपुर। श्यामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 58 पव्वे देशी शराब जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक प्रकरण दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दिगंत किशोर शर्मा (आरपीएस) ने बताया कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सोडाला सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी दलबीर सिंह के निर्देशन में एएसआई अरीत कुमार, कांस्टेबल भंवर सिंह , पवन कुमार व अंकित कुमार की टीम गठित की गई।
टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बेचते हुए आरोपी सनी शर्मा (20) निवासी करधनी हाल श्यामनगर को गिरफ्तार किया। तलाशी में आरोपी के पास से 58 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 94/2026 धारा 19/54 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में श्याम नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण संख्या 34/2026 दर्ज है, जो विचाराधीन है।




















