जयपुर। कालवाड़ थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 0.65 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशानुसार जिले में 28 व 29 मार्च को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई के साथ-साथ स्थायी वारंटियों व हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता व सहायक पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सैनी के सुपरविजन में थाना अधिकारी सुरेश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव मांचवा स्थित गैस गोदाम के पास से आरोपी सतबीर लखेड़ा (35) निवासी कालवाड़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 0.65 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।




















