जयपुर। महेश नगर थाना इलाके में पैसे के लेन-देन को लेकर एक युवक को डंडे-सरियों से पीटने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक को डंडे-सरियों से जमकर पीटा। मारपीट होती देख कुछ राहगीरों ने बीच-बचाव का प्रयास किया । वहीं कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियों बना लिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन शातिर युवक पुलिस को आता देख मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वीडियों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर लिया।
थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि थाना इलाके में स्थित रामनगर विस्तार निवासी हरिशंकर ने मामला दर्ज कराया है कि वो रात करीब साढ़े 8 बजे स्वेज फार्म सर्किल के पास से होता हुआ कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसका परिचित राहुल और गौत्तम अपने तीन साथियों के साथ उसे मिले। तीनों युवकों ने उसे रोका और बातचीत के दौरान गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट शुरु कर दी है।
ग्रुप में आए युवकों ने पीड़ित को रोड पर गिरा कर उस पर डंडे-सरियों से हमला कर दिया। मुख्य मार्ग पर युवक से मारपीट होती देख राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया । लेकिन ग्रुप में आए युवकों ने राहगीरों से अभद्रता शुरु कर दी।
जिसके बाद राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को आता देख युवक पीड़ित को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों ने मारपीट का वीड़ियों सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वीड़ियों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।




















