जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में रविवार को एक युवक ने शर्ट से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। युवक का शव पेड़ से लटका मिलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शिवदासपुरा के प्रहलादपुरा स्थित फैक्ट्री एरिया में रविवार सुबह पेड़ पर फंदे से एक युवक का शव लटका मिला। पेड़ से शव लटका होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका-मुआवना कर शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक की पहचान के प्रयास किए,लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मृतक की उम्र करीब 35 साल है। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक ने अपनी शर्ट से फंदा लगाकर आत्महत्या किया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है, जिसके बाद ही सुसाइड के कारण का पता चल सकेगा।