जयपुर। इंडियन यूथ कांग्रेस राजस्थान में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय मुख्यालय में युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण आयुक्त सज्जाद तारिक ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण आयुक्त सज्जाद तारिक ने बताया कि उन्होंने बताया कि राजस्थान में संगठनात्मक चुनाव कराए जा रहे हैं। जिसके चलते प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष पदों के लिए चुनाव होंगे।
22 फरवरी से युवा कांग्रेस पोर्टल पर ऑनलाइन सदस्यता शुरू होगी। 22 फरवरी से 1 मार्च तक नामांकन भरे जाएंगे और 22 फरवरी से 2 मार्च तक सदस्यता शुल्क ऑनलाइन जमा होगा। 3 मार्च तक आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। 6 से 10 मार्च तक नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 11 मार्च शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि मतदाता सूची अभियान एक माह चलेगा। आम मतदाता की सदस्यता शुल्क 75 रुपए तय की गई है। 11 मार्च के बाद करीब तीन माह तक प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। मतदान ऑनलाइन प्रक्रिया से होगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव खर्चीला हो सकता है, क्योंकि जीत के लिए लाखों मतदाताओं की सदस्यता आवश्यक होगी। वहीं चुनाव में छह जिले—धौलपुर, डीडवाना, जयपुर ग्रामीण पश्चिम, बारां, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर—एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं, जहां जिलाध्यक्ष इसी वर्ग से चुने जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों को भंग कर दिया गया था। नई नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन चुनाव की घोषणा के बाद अब संगठनात्मक चुनाव के जरिए ही नए पदाधिकारी चुने जाएंगे।




















