‘007 गैंग’ का सरगना राजाराम उर्फ राजू मांजू जयपुर से गिरफ्तार

0
73

जयपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए ‘007 गैंग’ के सरगना राजाराम उर्फ राजू मांजू को जयपुर से गिरफ्तार किया है। फलोदी, जोधपुर ग्रामीण और श्रीगंगानगर पुलिस द्वारा उस पर 75 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के जयपुर में हथियारों की तलाश में होने की सूचना पर टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। पुलिसकर्मियों ने हथियार सप्लायर बनकर उससे संपर्क किया और तीन दिन तक मानसरोवर क्षेत्र के एक पार्क के आसपास निगरानी रखी। इस दौरान एक जवान ने चाय की थड़ी पर काम करते हुए रेकी की। आखिरकार आरोपी लाल टोपी और काला चश्मा पहनकर अकेले मिलने पहुंचा, जहां टीम ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने हाल ही में एक वेब सीरीज से प्रेरित होकर खुद को एजेंट के रूप में प्रस्तुत करने की योजना बनाई थी। आईजी ने बताया कि उसकी चालाकी और दबे पांव काम करने की शैली के कारण उसे ‘बिल्ला’ के नाम से भी जाना जाता था। इसी आधार पर पुलिस अभियान का कूट नाम ‘ऑपरेशन मदमार्जार’ रखा गया।

जानकारी के अनुसार फलोदी जिले के जम्भेश्वर नगर निवासी राजू मांजू पर हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, लूटपाट, अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी सहित 36 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने वर्ष 2017-18 में अपने साथी श्याम पुनिया के साथ ‘007 गैंग’ बनाई थी और बाद में खुद इसका सरगना बन गया।

आरोपी पर टोल कंपनियों और भारतमाला सड़क निर्माण परियोजना से जुड़े अधिकारियों को धमकाकर अवैध वसूली करने के भी आरोप हैं। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें डालकर वह युवाओं को प्रभावित करता था और अपनी गैंग में शामिल करता था।

इसके अलावा ‘रामदेव गोशाला’ के नाम से संस्था संचालित कर सामाजिक छवि बनाने का भी प्रयास करता रहा। एएनटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। इस सफल कार्रवाई में शामिल टीम को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here