जयपुर। जयपुर माली (सैनी) समाज विकास आदर्श संस्था की ओर से रविवार को सोडाला स्थित नारायणगढ़ पैलेस में 247वां सर्व हिन्दू समाज विवाह योग्य युवक-युवती सामूहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न समाजों के अभिभावकों और विवाह योग्य युवक-युवतियों ने भाग लिया। मंच से 60 युवकों और 30 युवतियों सहित कुल 90 प्रत्याशियों ने अपना परिचय दिया।
संस्था के अध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को समान अवसर देने के लिए सम्मेलन दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में उच्च शिक्षित तथा दूसरे चरण में अन्य युवक-युवतियों का परिचय कराया गया। प्रतिभागियों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यवसाय और जीवनसाथी को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सैनी, राजपुरा, सिंघी, गुर्जर, जाट, ब्राह्मण, कुमावत, कोली और बलाई सहित विभिन्न समाजों के युवक-युवतियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य वैवाहिक प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाना तथा योग्य परिवारों को साझा मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजकों ने बताया कि जिन युवक-युवतियों का इस बार परिचय नहीं हो सका, उनके लिए अगला परिचय सम्मेलन 12 जुलाई को इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। संस्था कई वर्षों से नियमित रूप से ऐसे सम्मेलन आयोजित कर रही है, जिससे परिवारों को बिना अनावश्यक खर्च के योग्य जीवनसाथी तलाशने में सुविधा मिल रही है।



















