उड़ीसा से मंगवाया एक करोड़ से ज्यादा का नशे का सामान, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने आरोपी को पकड़ कर किया सामान जब्त

0
359


जयपुर। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम ने गंगापुर सिटी से एक मादक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से एक करोड़ रुपए से ज्यादा का मादक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर रतन सिंह धाकड़ को एक क्विंटल 21 किलो 600 ग्राम गांजा, 588 ग्राम अफीम, 900 ग्राम डोडा पोस्त और 152260 रुपए कैश के साथ पकड़ा। मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 21 लाख रुपए है। आरोपी तस्कर राजस्थान से 1700 किलोमीटर दूर उड़ीसा से नशे का सामान मंगवा रहा था।

एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि भैसीना निवासी रतन सिंह धाकड़ ने अपने मकान में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जमा कर रखा था। शनिवार को डीएसटी गंगापुर सिटी व थाना पुलिस द्वारा आरोपी रतन सिंह के मकान पर दबिश दी गई। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर 1 क्विंटल 21 किलो 600 ग्राम गांजा, 588 ग्राम अफीम, 900 ग्राम डोडा पोस्त और 152260 रुपए नकद जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना टोडाभीम में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम गैंगस्टर, हार्डकोर बदमाशों, मादक पदार्थ के तस्कर, वांछित इनामी बदमाशों के बारे में सूचना एकत्रित करती रहती है। इस दौरान एक टीम को इसकी सूचना मिली थी। इस पर आईजी प्रफुल्ल कुमार के सुपरविजन में सूचना की पुष्टि कराई गई।

आरोपी रतन सिंह भारी मात्रा में 1700 किलोमीटर उड़ीसा से मादक पदार्थाे की खेप मंगवाकर अलवर, बांदीकुई और गंगापुरसिटी के स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया करता है। पुलिस मुख्यालय की टीम द्वारा लम्बे समय से इस पर निगरानी रखी गई थी। पकड़ा गया माल हाल ही में मंगवाया था। दबिश से पहले इसने कुछ माल बेच दिया। इसकी एवज में प्राप्त रकम नकद बरामद की गई।

एडीजी ने बताया कि इस कार्रवाई में एजीटीएफ के सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, एएसआई शैलेंद्र शर्मा, दुष्यंत सिंह, हेड कांस्टेबल शाहिद अली, कांस्टेबल रविंद्र सिंह, बृजेश कुमार व महेंद्र सिंह की मुख्य भूमिका व कांस्टेबल संजय कुमार की तकनीकी भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here