राज्यपाल-विधानसभा अध्यक्ष को भेंट किए गोमय दीपक

0
208
Cow dung lamp presented to Governor-Assembly Speaker
Cow dung lamp presented to Governor-Assembly Speaker

जयपुर। इस दिवाली को राजभवन, विधानसभा अध्यक्ष और कई मंत्रियों के बंगलों पर देसी नस्ल की गाय के गोबर से बने दीये रोशनी के साथ गौ संवद्र्धन का प्रकाश फैलाएंगे।अंतरराष्ट्रीय गौशाला सहयोग परिषद के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता, संगठन सचिव मुकेश भारद्वाज की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, विधान सभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित कई मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान सभी को गोबर से बने दीपक, लक्ष्मी जी की मूर्ति भेंट की।

अंतरराष्ट्रीय गौशाला सहयोग परिषद के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की दिशा में चलाए जा रहे जन अभियान के अंतर्गत मंत्रियों के बंगलों में गोमय दीये जलाने की पहल की गई है। इससे अन्य लोगों को प्रेरणा मिलेगी। प्रतिनिधि मंडल ने दीपावली के बाद नौ नवंबर को गोपाष्टमी को व्यापक स्तर पर मनाने का आग्रह किया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और गृह राज्य एवं गोपालन मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले में आवश्यक कदम उठाएंगे।

गोपाष्टमी को सरकारी स्तर पर मनाने की दिशा में एक नया रास्ता खुल सकता है। प्रतिनिधि मंडल ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम से नौ नवंबर को गोपाष्टमी पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग भी की।अंतरराष्ट्रीय गौशाला सहयोग परिषद के संगठन सचिव मुकेश भारद्वाज ने बताया कि राजभवन और मंत्रियों के बंगलों पर जल्दी ही अधिक संख्या में गोमय दीपक पहुंचाए जाएंगे। आम लोगों को भी दीपावली पर गौ संवद्र्धन के लिए गोमय दीपक अधिक से अधिक जलाने चाहिए। गोबर से बने दीपक टोंक रोड सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला के सनराइज आर्गेनिक फार्म पर उपलब्ध है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बीस स्वयं सहायता समूह की दो हजार से अधिक महिलाओं ने अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में दस लाख गोबर के दीपक भेजे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here