पानी के मीटर चुराने वाला गिरोह सक्रिय: रैकी के बाद दो घरों को बनाया निशाना

0
8

जयपुर। राजधानी में पानी की मोटर और मीटर चोरी करने वाले बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बजाज नगर क्षेत्र में ऐसी कई वारदातों के बाद अब चोरों ने नारायण विहार थाना क्षेत्र में दो घरों को निशाना बनाया है। बदमाशों ने मानसरोवर में चावल वाला मार्ट के पास स्थित दो मकानों के बाहर लगे पानी के मीटर चोरी कर लिए। वारदात बुधवार तड़के हुई। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल नारायण विहार थाने से महज 800 मीटर की दूरी पर है।

जानकारी के अनुसार वारदात से पहले हुडी पहने एक युवक इलाके की गलियों में घूमता दिखाई दिया। उसने घरों के बाहर लगे पानी के मीटर और आसपास के माहौल की रैकी की। इसके बाद मौका देखकर दोनों मकानों के बाहर लगे मीटर उखाड़े और वहां से फरार हो गया। आसपास के अन्य मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी संदिग्ध युवक की आवाजाही कैद हुई है। फुटेज में उसके आने-जाने का रास्ता भी दिखाई दे रहा है।

सुबह घर के सदस्यों ने पानी के मीटर गायब देखे तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद वारदात का पता चला। क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में रोष है। लोगों का कहना है कि बजाज नगर के बाद अब मानसरोवर और नारायण विहार क्षेत्र में भी चोर घरों के बाहर लगे उपकरणों को निशाना बना रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायण विहार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर हुडी पहने युवक की पहचान की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस उसके आने-जाने के रास्ते और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here