भक्तिभाव से मनाई गई अपरा एकादशी, गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुरजी ने किया जल विहार

0
208
Apara Ekadashi celebrated with devotion
Apara Ekadashi celebrated with devotion

जयपुर। ज्येष्ठ कृष्ण माह की अपरा एकादशी शहरभर में भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शुक्रवार को शहर के विभिन्न श्री हरि विष्णु मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ दिन भर दान-पुण्य का सिलसिला चलता रहा। वैष्णव मंदिरों में ठाकुरजी की विशेष झांकी के दर्शनों के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।

एकादशी पर दिन प्रीति योग, आयुष्मान योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग होने से श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से व्रत रखा। आराध्य देव गोविंददेवजी मंदिर में सुबह की मंगला झांकी से रात्रि की शयन झांकी तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह पंचामृत अभिषेक कर ठाकुरजी को लाल रंग की पोशाक धारण कराई गई। गोचारण लीला के आभूषण धारण कराए गए। दोपहर को जलयात्रा उत्सव मनाया गया।

ठाकुरजी सफेद धोती और दुपट्टा में सुगंधित जल के फव्वारों के बीच विराजमान नजर आए। पंद्रह मिनिट की इस विशेष झांकी को दर्शनार्थियों ने मोबाइल में कैद कर लिया। इस मौके पर ठाकुरजी को सागारी लड्डू, फल सहित अन्य शीतल व्यंजनों का भोग लगाया गया। ठाकुरजी की जल विहार के पानी से लोग स्वयं भी भीगे।

कई लोग यह जल घर पर भी ले गए। अपरा एकादशी का उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने पूरे दिन अन्न ग्रहण नहीं किया। केवल एक समय सागारी भोजन कर व्रत पूरा किया। घर पर लड्डू गोपाल का भी एकादशी पर विशेष श्रृंगार कर सागारी प्रसादी का भोग लगाया गया।

यहां भी हुए एकादशी पर विशेष धार्मिक आयोजन

सरस पदों से रिझाया राधा सरस बिहारी को

सुभाष चौक पानो का दरीबा स्थित श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महराज ने अपरा एकादशी के पावन पर्व पर ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार का पंचामृत से अभिषेक कर उनका ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया। जिसके पश्चात ऋतु फलों और शर्बत का भोग लगाया गया। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि श्री सरस निकुंज के वैष्णव परिजनों ने एकादशी के पदों का गायन कर ठाकुरजी को रिझाया। श्रद्धालुओं ने पदगायन पर सुंदर नृत्य किया।

पुरानी बस्ती गोपीनाथ जी मंदिर

पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथजी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में एकादशी उत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने यहां भजन कीर्तन किया। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी का अभिषेक कर विशेष झांकी सजाई गई। रामगंज बाजार के लाड़लीजी मंदिर में महंत डॉ. संजय गोस्वामी के सान्निध्य में संतों ने प्रभु का नाम कीर्तन किया। इस मौके पर ठाकुरजी को शीतल व्यंजनों का विशेष भोग लगाया गया।

श्याम मंदिरों में हुआ खाटूनरेश का गुणगान:-

छोटीकाशी स्थित श्याम प्रभु के सभी मंदिरों में खाटू नरेश का गुणगान किया। अखंड ज्योति प्रज्जवलित कर फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। चौगान स्टेडियम, रामगंज बाजार, जगतपुरा, मानसरोवर, विजयबाड़ी पथ नंबर सात, शास्त्रीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में स्थित श्याम मंदिरों में अखंड ज्योति प्रज्जवलित कर शाम को भजन संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।

जप-दान-पुण्य पर रहा जोर:

हरि ओम जन सेवा समिति की ओर से विद्याधरनगर क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को दूध का वितरण किया गया। गायत्री महिला मंडल करधनी की ओर से सभी की सद्बुद्धि की कामना के साथ सुबह से शाम तक गायत्री महामंत्र का जाप किया गया। इस दौरान सवा लाख मंत्र जाप किए गए। पिंजरापोल, दुर्गापुरा, ढहर के बालाजी, खोले के हनुमान सहित अन्य गौशालाओं में गायों को चारा और गुड़ खिलाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में भी दान-पुण्य किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here