पुष्य नक्षत्र में हुआ प्रथम पूज्य का पंचामृत अभिषेक, सजी फूल बंगला झांकी

0
97
Maharudra Abhishek of 251 earthen Shivlings will be done with 108 medicines
Maharudra Abhishek of 251 earthen Shivlings will be done with 108 medicines

जयपुर। पुष्य नक्षत्र में शुक्रवार को प्रथम पूज्य गणेश जी महाराज का विशेष पूजन किया गया। इस अवसर पर शहर भर के विभिन्न गणेश मंदिरों में विधि -विधान से गणेश जी अभिषेक कर उन्हें नवीन पोशाक धारण करवाई गई। पुष्य नक्षत्र पर सिद्धी विनायक के दर्शनों के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मोतीडूंगरी गणेश जी मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में प्रथम पूज्य का 151 किलो पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद एवं बूरा) से अभिषेक किया गया।

सिंदूरी चोला चढ़ाकर नवीन आकर्षक पोशाक धारण कराई गई। श्रद्धालु दिनभर दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे। सर्वप्रथम भगवान का गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद पंचामृत अभिषेक किया गया। गंगाजल से शुद्ध स्नान के बाद भगवान श्री गणपति सहस्त्रनाम से 1001 मोदक अर्पित किए गए। भगवान को फूल बंगले में विराजमान कर उन्हें नवीन पोशाक धारण कराई गई। जिसके बाद भगवान को विशेष खीर का भोग अर्पित किया गया।

ब्रह्मपुरी में माउंट रोड स्थित नहर के गणेश जी मंदिर में दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया गया। मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि श्री गणपति अथर्वशीर्ष और श्री गणपति अष्टोत्तर शतनामावलि सहित ऋग्वेदोक्त गणपति मात्रिका के पाठ किए गए। गणपति को नवीन पोशाक धारण करवाकर वैदिक मंत्रों से 21 मोदकों और चूरमा का भोग लगाया गया ।

जिसके बाद शाम को प्रथम पूज्य की 251 दीपकों से महाआरती की गई। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित सुख-समृद्धिदायक रक्षासूत्र वितरित किए गए। चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में महंत अमित शर्मा के सान्निध्य में पुष्य नक्षत्र पर गणेशजी महाराज का दूध से अभिषेक किया गया। गणेश जी महाराज को फूल बंगले में विराजमान कर गणपति अथर्वशीर्ष और सहस्त्रनामावली के पाठ किए गए। श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र, हल्दी की गांठ वितरित की गई ।

सूरजपोल बाजार गणेश जी मंदिर:

सूरजपोल बाजार के मंदिर श्री श्वेत सिद्धिविनायक में श्री सिद्धिविनायक जी का वेद मंत्रों से दुग्धाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रों से श्री लक्ष्मी प्राप्ति के लिए श्री सूक्त हवन किया गया। गलता गेट स्थित गीता गायत्री गणेश मंदिर में पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में पुष्य अभिषेक किया गया। बड़ी चौपड़ स्थित ध्वजा धीश, चौड़ा रास्ता स्थित काले गणेशजी मंदिर, दिल्ली रोड स्थित आत्माराम गणेश ब्रह्मचारी मंदिर, आगरा रोड स्थित गंगोत्री गणेश मंदिर, सहित अन्य गणेश मंदिरों में भी पुष्य नक्षत्र में प्रथम पूज्य का अभिषेक किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here