जयपुर। रामनिवास बाग में जयपुरवासियों और पर्यटकों के लिए जल्द ही मनोरंजन और खान-पान का नया ठिकाना विकसित होगा। जयपुर विकास प्राधिकरण यहां 15 फूड ट्रक वाली अनूठी चौपाटी विकसित कर रहा है। जेडीए के अनुसार राजस्थान में अपनी तरह की यह नई अवधारणा होगी, जहां एक ही परिसर में खान-पान, हरित वातावरण, पैदल भ्रमण और बच्चों के मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना पर करीब 6 करोड़ 37.50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि चौपाटी को खासतौर पर युवा पीढ़ी की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। परिसर में दोनों ओर कुल 15 फूड ट्रक लगाए जाएंगे। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खान-पान के विकल्प मिल सकेंगे।
पैदल ट्रैक से लेकर ओपन गार्डन तक
चौपाटी परिसर के चारों ओर करीब 1804 वर्गमीटर क्षेत्र में पैदल भ्रमण के लिए पाथवे विकसित किया जाएगा। वहीं 1200 वर्गमीटर में ओपन गार्डन और करीब 600 वर्गमीटर में बच्चों के लिए प्ले एरिया बनाया जाएगा। करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्र में ओपन एम्फीथिएटर भी प्रस्तावित है, जहां विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।
परियोजना में करीब 662 वर्गमीटर क्षेत्र में एंट्री प्लाजा और सिटिंग एरिया तथा करीब 140 वर्गमीटर क्षेत्र में फूड ट्रक जोन विकसित किया जाएगा। इसके अलावा पाथवे, टॉयलेट, पेयजल और बाहरी सर्विस पाथवे जैसी नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
हरियाली के बीच परिवार के साथ समय बिताने की सुविधा
जेडीए अधिकारियों के अनुसार रामनिवास बाग की ऐतिहासिक और प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए चौपाटी का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। उद्देश्य ऐसा सार्वजनिक स्थल विकसित करना है, जहां लोग हरित वातावरण के बीच परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकें। यहां पैदल घूमने, बच्चों के मनोरंजन और खान-पान की सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी।
शहरी पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
जेडीसी ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य रामनिवास बाग क्षेत्र में स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। चौपाटी के विकसित होने से क्षेत्र में नागरिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलने के साथ जयपुर के शहरी पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। जेडीए के अनुसार यह चौपाटी जयपुर वासियों के साथ शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बनेगी।


















