जयपुर। राजधानी में बाइक चोरों के हौसले बुलंद हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने मोटरसाइकिल चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम दिया। घरों के बाहर खड़ी बाइक से लेकर बैंक, पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों पर रखे वाहनों तक को निशाना बनाया गया। सांगानेर, खो-नागोरियान, करणी विहार, वैशाली नगर, हरमाड़ा, मानक चौक, मानसरोवर और झालाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही वारदातों से वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घर के बाहर और पार्किंग से बाइक पार
सांगानेर थाना क्षेत्र में चोर दो मोटरसाइकिलें चोरी कर ले गए। खो-नागोरियान इलाके में जेएनयू के पास खड़ी बाइक को निशाना बनाया गया। वहीं, करणी विहार थाना क्षेत्र में पार्किंग और घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गईं।
बैंक और गार्डन के बाहर से भी वाहन चोरी
वैशाली नगर में कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में सीतावाली फाटक के पास रानी बाग गार्डन के बाहर खड़ी बाइक को चोर ले गए। इसके अलावा मानक चौक इलाके में गोपालजी के रास्ते से भी एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है।
मानसरोवर और झालाना में भी वारदातें
मानसरोवर के अशोक विहार में 20 नवंबर को हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई। इसी दिन अग्रवाल फार्म इलाके में घर के बाहर खड़ी स्मार्ट स्प्लेंडर को भी चोर ले गए। वहीं, झालाना घोड़ इलाके में रामतीर्थ मार्ग से यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल चोरी हुई। इस मामले में 21 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायतों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सामने आई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी हुए वाहनों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

















