जयपुर। सिंधी कैंप थाना क्षेत्र में स्लीपर कोच बसों के जरिए बिहार में शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो भारी ट्रॉली बैग में प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 29 बोतलें बरामद की हैं। आरोपी शराब को जयपुर से बिहार ले जाने की फिराक में था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि सिंधी कैंप बस स्टैंड और आसपास संचालित ट्रैवल बसों के जरिए शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जिस पर सिंधी कैंप थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में टीम की ओर से जयपुर से बिहार जाने वाली बसों की आकस्मिक जांच की जा रही थी।
इसी दौरान दो भारी ट्रॉली बैग लेकर बस में सवार होने पहुंचे प्रमोद सिंह (48) निवासी शिवहर बिहार हाल निवासी विश्वकर्मा जयपुर पर पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर दोनों बैगों में प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखी गई 29 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। जब्त शराब में आइकॉनिक व्हाइट प्राइम व्हिस्की, मैजिक मोमेंट्स फ्लेवर्ड वोडका, इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और बोहो क्लासिक ब्लेंडेड व्हिस्की शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने के कारण वहां राजस्थान की शराब की मांग रहती है। इसी का फायदा उठाकर वह जयपुर के अलग-अलग शराब ठेकों से करीब 20 हजार रुपए की शराब खरीदता था। शराब की बोतलों को बबल रैप और प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर ट्रॉली बैग में रखता और स्लीपर कोच बस से बिहार ले जाता था। वहां फुटकर ग्राहकों को शराब 50 से 60 हजार रुपए तक में बेचता था। इस तरह उसे करीब तीन गुना कीमत मिल जाती थी। पुलिस आरोपी से तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

















