सोने के पिंजरे की चमक के पीछे छिपी कैद: प्रदर्शनी में दिखी आजादी की असली तस्वीर

0
21

जयपुर। पक्षियों की प्राकृतिक स्वतंत्रता और हर जीव के मौलिक अधिकारों के प्रति समाज में संवेदनशीलता जगाने के उद्देश्य से ‘एक आसमान, एक अधिकार’ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में पिंजरे की कैद और ‘सोने के पिंजरे’ की प्रतीकात्मक प्रस्तुति के माध्यम से आजादी के वास्तविक मायनों को समझाने का प्रयास किया गया।

प्रदर्शनी का मुख्य संदेश है कि प्रकृति ने पक्षियों को खुले आसमान में स्वतंत्र रूप से उड़ने के लिए बनाया है। उन्हें शौक के लिए पालतू बनाकर पिंजरे में कैद करना उनकी प्राकृतिक स्वतंत्रता और उड़ने के जन्मसिद्ध अधिकार को छीनने जैसा है। इंस्टालेशन के माध्यम से दर्शकों को यह सोचने के लिए प्रेरित किया गया कि पक्षियों को उनकी प्राकृतिक दुनिया और खुला आसमान मिलना चाहिए।

प्रदर्शनी में सोने के पिंजरे की प्रतीकात्मक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके जरिए मानवीय जीवन के एक गहरे पहलू को दर्शाया गया। संदेश दिया गया कि भौतिक सुख-सुविधाओं और सुरक्षा से भरपूर जीवन भी एक तरह का पिंजरा बन सकता है, जहां व्यक्ति की अपनी मर्जी, आत्मिक सुकून और व्यक्तिगत आजादी छिन जाती है।

यह पहल दर्शकों को दो स्तरों पर सोचने का अवसर देती है। एक ओर बेजुबान पक्षियों की स्वतंत्रता और उनके प्राकृतिक अधिकारों का सम्मान करने का संदेश है, वहीं दूसरी ओर इंसानी जीवन में दिखावटी सुविधाओं और अदृश्य बंधनों से ऊपर उठकर वास्तविक आजादी और सुकून तलाशने की प्रेरणा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here