जयपुर। ‘गो रक्षा सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत ढहर का बालाजी स्थित सिया राम बाबा की बगीची में एक विशेष धर्म एवं ज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से पधारे प्रमुख संत-महात्माओं ने सहभागिता कर गो माता की महत्ता, भारतीय संस्कृति में गाय के सर्वोच्च स्थान और वर्तमान समय में गो संरक्षण की अनिवार्यता पर अपने ओजस्वी विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी में संतों ने एक स्वर में कहा कि गो हत्या भारत जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक देश के लिए कलंक है, अतः गो माता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
कार्यक्रम में पधारे ज्ञानदास महाराज और ब्रह्म पीठाधीश्वर रामरतन दास महाराज सहित अन्य संतों का मार्ग में जगह-जगह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। सिया राम बाबा की बगीची पहुंचने पर आयोजक सुरेश गोटेवाला, स्नेहा गोटेवाला, चंद्र महेश झालानी सहित बड़ी संख्या में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने संतों का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस पावन अवसर पर अखिल भारतीय श्री पंचनिर्माणी अनी अखाड़ा के महंत मुरली मनोहर दास महाराज, अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता संजय दास, सचिव नंदराम दास महाराज, महामंत्री सत्यदेव दास, महंत माधव दास, संत राजेंद्र दास महाराज, महंत महेश दास महाराज, बलराम दास महाराज और हेमंत दास सहित अनेक संत-महत्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। संतों के सान्निध्य से संपूर्ण बगीची परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संतों ने कहा कि गाय भारतीय परंपरा, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला रही है। भारतीय समाज में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और उसकी सेवा को सर्वोच्च पुण्य माना गया है। संतों ने महात्मा गांधी के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि गांधीजी ने भी गो हत्या रोकने और गो संरक्षण को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक बताया था।
उन्होंने जोर देकर कहा कि गो रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक विरासत को बचाने का संकल्प है। इसके लिए समाज में व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है ताकि लोग केवल चर्चाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
संगोष्ठी के दौरान ‘गो रक्षा सम्मान आह्वान अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। निर्णय लिया गया कि अभियान के अगले चरण में कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन को इस मुहिम से जोड़ेंगे। इसके अंतर्गत गो रक्षा के समर्थन में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और ज्ञापन तैयार कर जनभावना को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
संतों ने समाज के सभी वर्गों विशेषकर युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से इस शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक जनजागरण अभियान में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संतों ने सड़कों पर बेसहारा घूमते गोवंश, चारे-पानी के संकट और उचित आश्रय के अभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि गोवंश की दुर्दशा रोकने के लिए सरकार, समाज और प्रत्येक नागरिक को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। गो सेवा, संरक्षण और सम्मान को एक सशक्त जनआंदोलन बनाना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। उपस्थित श्रद्धालुओं ने संतों के मार्गदर्शन में इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

















