कार्तिक मेले पर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा स्वामी रामानंद सेवा संस्थान

0
12
Swami Ramanand Seva Sansthan engaged in serving devotees at the Kartik Mela
Swami Ramanand Seva Sansthan engaged in serving devotees at the Kartik Mela

जयपुर। कार्तिक मास, मेला एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर अयोध्या धाम में स्वामी रामानंद सेवा संस्थान की ओर से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा और सत्कार के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। दर्शन भवन, जानकी घाट (अयोध्या धाम) के तत्वावधान में चल रहे इस पांच दिवसीय विशेष महोत्सव के अंतर्गत 14 कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर निशुल्क चिकित्सा शिविर और विश्रामालय का संचालन किया जा रहा है।

संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी चंद्र महेश झालानी ने बताया कि भगवान श्रीराम की पावन नगरी में चल रहे इस सेवा प्रकल्प में जयपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर अपनी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर संतों एवं भक्तों का भव्य स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा और हजारों दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई जाएगी।

दर्शन भवन जानकी घाट की मुख्य संरक्षक एवं पीठाधीश्वर महंत डॉ. ममता शास्त्री ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन जगद्गुरु स्वामी रामानंदाचार्य महाराज की अनुकम्पा तथा पूर्व सांसद साकेतवासी विश्वनाथदास शास्त्री महाराज की प्रेरणा से संपन्न हो रहा है। महोत्सव में संरक्षक दीनबंधुदास महाराज, विप्रदास महाराज एवं अभय कुमार सहित अनेक संत-महंत भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री दीनानाथ पांडे, प्रदेश अध्यक्ष नर्वदेश्वर शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय कपूर, राष्ट्रीय महामंत्री कुमार पुरेंदर सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित हैं। इस पावन अवसर पर सरयू जी की भव्य आरती के साथ दर्शन भवन में भी विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी। संस्थान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क चिकित्सा, विश्राम और आत्मीय सेवा उपलब्ध कराना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here