सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

0
8

जयपुर। रिंग रोड स्थित सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में सांगानेर सदर थाना पुलिस और जयपुर दक्षिण जिला विशेष टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल बरामद की हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर मौका तस्दीक के लिए लेकर पहुंची। इस दौरान दोनों आरोपी पैरों में चोट के कारण लंगड़ाकर चलते नजर आए।

जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धनराज उर्फ डीके गुर्जर (26), निवासी सूरजपुरा, जयपुर दक्षिण और बनवारी मीणा उर्फ बन्नू चांदा, निवासी थूणी मंगलदास, जयपुर दक्षिण हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आदतन अपराधी हैं। पुलिस से बचकर भागने के प्रयास के दौरान उनके पैरों में चोट लगी थी।

बैरियर तोड़कर टोलकर्मियों पर की थी फायरिंग

पुलिस के अनुसार 19 नवंबर की रात रिंग रोड स्थित सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने टोल का बैरियर तोड़ दिया था। इसके बाद टोलकर्मियों को जान से मारने और दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

दोनों के कब्जे से मिली अवैध पिस्टल

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में सांगानेर सदर थाना पुलिस और जयपुर दक्षिण की डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अनुसंधान के दौरान डीके गुर्जर के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल बरामद की गई, जबकि बनवारी उर्फ बन्नू चांदा के कब्जे से एक अन्य अवैध पिस्टल मिली। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है।

हथियार कहां से लाए, पुलिस कर रही पूछताछ

रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई और वारदात के संबंध में मौका तस्दीक करवाई। पुलिस अब आरोपियों से बरामद अवैध पिस्टलों के स्रोत और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here