जयपुर। ठिकाना श्री गोविन्द देव जी महाराज, श्री गोविन्द धाम में भाद्रपद शुक्ल एकादशी पर तीन सितम्बर को जलझूलनी एकादशी का महोत्सव श्रीमन्न माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव से मनाया जाएगा। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर श्रीजी को नटवर वेश एवं विशेष श्रृंगार धारण कराया जाएगा। ग्वाल झांकी बाद शाम 4.45 से 5.15 बजे तक महंत अंजन कुमार गोस्वामी मंत्रोच्चार के साथ जलझूलनी एकादशी का पूजन करेंगे।
ठाकुर श्री सालिग्राम जी (नारायण जी) को खाट पर विराजमान करके मंदिर के दक्षिण पश्चिमी चौक (तुलसी मंच) पर ले जाया जाएगा। यहां पंचामृत अभिषेक, चंदन श्रृंगार एवं आरती की जाएगी। उसके बाद तुलसी मंच की चार परिक्रमा की जाएगी। पुन: ठाकुर श्री सालिग्राम जी को खाट पर विराजमान किया जाएगा। मंदिर की एक परिक्रमा कर निज मंदिर में प्रवेश किया जाएगा। ठाकुर श्री सालिग्राम जी को ठाकुर श्रीजी के समीप विराजमान किया जाएगा। उसके बाद संध्या झांकी आरती दर्शन होंगे
यह रहेगा झांकियों का समय
मंगला-प्रात: 04:15 से 05:15 बजे तक
धूप- प्रात: 07:30 से 09:00 बजे तक
श्रृंगार- प्रात: 09:30 से 10:15 बजे तक
राजभोग- प्रात: 10:45 से 11:30 बजे तक
ग्वाल-शाम 04:00 से 04:15 बजे तक
संध्या- शाम 05:45 से 06:45 बजे तक
शयन- रात्रि 08.00 से 08.30 बजे तक
(04 सितम्बर 2025 से नियत समय तालिका के अनुसार ठाकुर श्रीजी के दर्शन होंगे।)
सरस निकुंज में होगा पद गायन:
सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सानिध्य में जलझूलनी एकादशी पर्व मनाया जाएगा। सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि सुबह वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ राधा सरस बिहारी सरकार का अभिषेक किया जाएगा। शाम को श्री शुक संप्रदाय के आचार्यों की वाणी जी में संकलित विशेष पदों का गायन होगा। ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार को जल विहार कराया जाएगा।
पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी मंदिर, चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी मंदिर, मदन गोपाल जी और त्रिपोलिया गेट के सामने स्थित विनोदी लाल जी मंदिर में भी जलझूलनी एकादशी महोत्सव भक्ति भाव से मनाया जाएगा। रामगंज बाजार स्थित मंदिर श्री लाड़ली जी में ललित संप्रदायाचार्य मंहत संजय गोस्वामी के सानिध्य में जलझूलनी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।




















