जवाहर कला केंद्र में लोकरंग समारोह: सोंगी मुखवटे के साथ पौराणिक कथाएं हुई साकार

0
103
Lokrang Festival at Jawahar Kala Kendra
Lokrang Festival at Jawahar Kala Kendra

जयपुर। ‘जोश से भरी लोक प्रस्तुतियां, उत्साहित कलाप्रेमी और लोक संस्कृति के सौंदर्य से सराबोर माहौल’, जवाहर कला केन्द्र में रविवार को कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। मौका रहा 28वें लोकरंग महोत्सव के छठे दिन का। मध्यवर्ती में लोक नृत्य समारोह के अंतर्गत विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने 14 विधाओं की प्रस्तुति दी। शिल्पग्राम में चल रहे राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में बड़ी संख्या में आगंतुक दस्तकारों के उत्पाद खरीदते दिखाई दिए। यहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खान—पान का आनंद लेते हुए लोगों ने खरीदारी की।

मध्यवर्ती में गाजी खान बरना व उनके साथियों की मांगणियार गायन प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत हुई। ‘वारी जाऊं रे बलिहारी जाउं’ रे गीत के साथ उन्होंने गुरु चरणों में वंदन किया। ‘दमादम मस्त कलंदर’ और ‘बाईसा लाडका घणा’ गीत गाकर उन्होंने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इसके बाद राजस्थान का चरी नृत्य प्रस्तुत किया गया, गुर्जर समुदाय की महिलाओं द्वारा यह मांगलिक नृत्य किया जाता है जो युद्ध विजय पर योद्धाओं के स्वागत में किया जाता था। महाराष्ट्र से आए कलाकारों की सौंगी मुखवटे नृत्य की प्रस्तुति ने सभी को रोमांचित कर दिया। बड़े—बड़े मुखौटे लगाकर कलाकारों ने पौराणिक कथाओं को मंच पर साकार किया। बांसवाड़ा जिले के आदिवासी कलाकारों ने होली के पावन अवसर पर होने वाला होली गैर नृत्य प्रस्तुत किया।

इसके बाद जैसलमेर से आए कलाकार राणा राम ने मंच पर पारंपरिक लोक वाद्य नड़ वादन की मधुर प्रस्तुति दी। इसमें उन्होंने नड़ वादन से अनोखा संगीतमय वातावरण बनाया। उत्तर प्रदेश की पूर्वी नृत्य की प्रस्तुति ने भावनात्मक गीतों और लोक रचनाओं से शाम को पूर्वांचल के रंगों से सराबोर कर दिया। वहीं राजस्थान के गैर घूमरा नृत्य में वागड़ क्षेत्र के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। इसमें पुरुषों ने हाथ में तलवार और महिलाओं ने हाथ में रुमाल लेकर गोल घेरा बनाकर नृत्य किया। इस प्रस्तुति में आकर्षण का केंद्र हैं उनके द्वारा पहने जाने वाले पारंपरिक आभूषण।

ओडिशा के कलाकारों ने गोटीपुआ नृत्य में कला प्रेमियों को जगन्नाथ महाप्रभु की भक्ति के रंग में रंग दिया। शास्त्रीय अंगों को समाहित करने वाले इस नृत्य में कलाकारों ने ऐसी मुद्राएं साकार की जिन्हें देखकर सभी दंग रह गए। भगवान जगन्नाथ के समक्ष पुरुष स्त्री वेश में यह नृत्य करते हैं जो परंपरा यहां मंच पर साकार हुई। गुजरात के मणियारो रास में कलाकारों का जोश देखते ही बना। इसमें डांडिया के साथ बेहतर सामंजस्य के साथ कलाकारों ने रोमांचित करने वाली प्रस्तुति दी।

राजस्थान की कलाकार ममता देवी व समूह के कलाकारों ने ने मंच पर चकरी नृत्य की प्रस्तुति दी। मध्यप्रदेश के मटकी नृत्य की में कलाकारों के फूल बूटों से युक्त परिधानों ने प्रस्तुति को रंगों से भर किया। मालवी भाषा में गीत गाए गए और सिर पर रखकर संतुलन का परिचय दिया गया। महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने लावणी की ऊर्जावान प्रस्तुति दी। लावणी नृत्य महाराष्ट्र तमाशा लोक नाट्य में उपयोग किया जाता था जो अब स्वतंत्र कला का रूप ले चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here