जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह नौ से ग्यारह बजे तक निशुल्क जन्मदिन संस्कार महोत्सव मनाया जाएगा। जिनका जन्म नवंबर माह में हुआ है वे लोग पंच तत्वों का पूजन करेंगे। इस मौके पर निशुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि यज्ञ और संस्कार पूरी तरह निशुल्क है। किसी भी तरह के सामान लाने की आवश्यकता नहीं है।
यज्ञ और संस्कार में कोई भी शामिल हो सकता है। निर्धारित समय नौ बजे से पूर्व अपना स्थान ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष उपहार से सम्मानित किया जाएगा ताकि लोग समय का महत्व समझ सकें। जन्मदिन संस्कार भारतीय संस्कृति के अनुसार ही मनाया जाएगा। केक काटने, मोमबत्ती बुझाने और गुब्बारे फोड़ने जैसी गतिविधियां नहीं होगी। इनकी जगह पांच तरह की दाल का पंच तत्वों का प्रतीक मानकर पूजन किया जाएगा। पांचों तत्वों के प्रतिनिधि देवताओं के चित्र के समक्ष श्रद्धालु अक्षत और पुष्प अर्पित करेंगे। संस्कार करवाने वालों पर अन्य लोग पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद देंगे। इस अवसर पर गर्भ में पल रहे शिशु के सर्वांगीण विकास के लिए पुंसवन संस्कार भी कराया जाएगा।




















