जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर सोमवार की दोपहर मनोहरपुर टोल प्लाजा के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के बाद गाड़ी में फंसे युवकों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गाड़ी को धक्का देकर सीधा किया और उसमें सवार तीनों युवकों को बाहर निकाला। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।
मनोहरपुर थानाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे मनोहरपुर टोल प्लाजा के पास हुआ। हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक जयपुर से रोहतक जा रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई और अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो में फंसे युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर गाड़ी को धक्का देकर सीधा किया और तीनों युवकों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची मनोहरपुर थाना पुलिस ने घायल दो युवकों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी।
















