गणतंत्र दिवस पर भारत सोलर यात्रा का शुभारंभ, कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल यात्रा

0
79

जयपुर। देश में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत ‘भारत सोलर यात्रा’ का शुभारंभ 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह 8 बजे लाल चौक, श्रीनगर (कश्मीर) से किया जाएगा। यह यात्रा कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल तय की जाएगी, जिसका उद्देश्य आमजन को सोलर ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

इस राष्ट्रव्यापी अभियान का नेतृत्व निकिल मिश्रा (लीड यात्री) करेंगे। अभियान की सफलता के लिए गठित टीम में समय मीणा को रूट मैप एवं लॉजिस्टिक्स हेड तथा आशीष साहू को इवेंट हेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रजत शर्मा, आकाश बंजारे, राहुल बैरवाल सहित अनेक सहयोगी भी इस यात्रा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यात्रा देश के विभिन्न राज्यों, जिलों तथा ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें सोलर पैनल, रूफटॉप सोलर, ऊर्जा बचत तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा के आर्थिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों का कहना है कि ऊर्जा संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच सोलर ऊर्जा एक स्थायी और प्रभावी समाधान के रूप में उभरी है। स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर न केवल बिजली खर्च में कमी लाई जा सकती है, बल्कि प्रदूषण घटाकर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित किया जा सकता है।

गणतंत्र दिवस पर कश्मीर की धरती से शुरू होकर कन्याकुमारी तक पहुंचने वाली यह यात्रा राष्ट्रीय एकता, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित भारत का सशक्त संदेश देगी। आयोजकों को विश्वास है कि यह पहल देशभर में सोलर ऊर्जा को लेकर सकारात्मक सोच और व्यवहार परिवर्तन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here