आज राजधानी जयपुर में रहेगी विराट हिंदू सम्मेलन की धूम

0
61
Today, the grand Hindu conference will be the talk of the town in the capital city of Jaipur.
Today, the grand Hindu conference will be the talk of the town in the capital city of Jaipur.

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विभिन्न स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन के आयोजन होंगे। गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में राजापार्क के श्रीराम मंदिर में एक फरवरी को दोपहर 2 बजे से श्री राम बस्ती का विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के अंतर्गत शोभायात्रा परमानन्द भवन से प्रारंभ होकर राम गलियों के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: परमानन्द भवन पहुंचेगी।

गलतापीठाधीश्वर स्वामी सम्पत कुमार अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में हनुमान चालीसा पाठ होगा। इसके बाद उनके आशीर्वचन होंगे। महिला मंडली की ओर से भजन होंगे। मातृ शक्ति की ओर से भारत माता की महाआरती की जाएगी।

एक फरवरी को ही सुबह दस बजे से श्योपुर रोड स्थित चांदनी गार्डन में माधव बस्ती-श्योपुर, प्रतापनगर का विराट हिंदू सम्मेलन गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में होगा। हिंदू सम्मेलन के अवसर पर सम्मान समारोह भी होगा। दोपहर 12 बजे से संत आशीर्वचन होंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आदर्श नगर स्थित आनन्दपुरी पार्क में 1 फरवरी को सुबह 11 बजे से हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य वक्ता श्री गलता पीठ के युवाचार्र्य स्वामी राघवेन्द्राचार्य महाराज होंगे। इससे पूर्व धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से सुबह सवा नौ बजे बीस दुकान स्थित कृष्णा मंदिर से गाजेबाजे के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति सिर पर कलश लेकर चलेंगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा आनन्दपुरी पार्क पहुंचेगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन सैनी ने बताया गया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव एवं राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में अंजू शर्मा, विजेता खड़ोलिया, अनिता बैरवा, सविता चौहान एवं रजनी लालवानी सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

हिन्दू समाज में जागरण, एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से गोपीनाथ बस्ती की ओर से विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन रविवार, एक फरवरी को जयलाल मुंशीजी का रास्ता, चांदपोल बाजार में किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा एवं सांस्कृतिक झांकियां प्रात: 11 बजे शिव मंदिर (वाल्मीकि समाज), बालानन्दजी का रास्ता से प्रारंभ होंगी।

कलश यात्रा चांदपोल हनुमान जी, चांदपोल बाजार, बगरू वालों का रास्ता, गोपीनाथ जी का मंदिर होते हुए प्रेमभायाजी के मंदिर का चौराहा, जयलाल मुंशीजी का रास्ता होते हुए पुन: चांदपोल बाजार पहुंचेगी। कलश यात्रा में 1100 महिलाएं सहभागी होंगी। यात्रा के समापन के बाद चांदपोल बाजार में सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम, हिन्दू समाज की जागृति के लिए प्रेरक उद्बोधन तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें सभ्यता और संस्कृति की यात्रा, संत-महापुरुषों के प्रवचन, विशिष्ट अतिथियों द्वारा बौद्धिक, पंच परिवर्तन विषय पर नाट्य रूपांतरण तथा कवि सम्मेलन सहित विविध कार्यक्रम होंगे।

संगठित हिन्दू समाज एवं समर्थ भारत के निर्माण के उद्देश्य से सीकर रोड स्थित कूकर खेड़ा अनाज मंडी में दोपहर सवा बारह बजे विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन संयोजक संतोष कैलाश अग्रवाल ने बताया कि आयोजन हिन्दू एकता, राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना तथा धर्म की रक्षा के संकल्प को सशक्त करने के लिए किया जा रहा है। सम्मेलन में पंच परिवर्तन के अंतर्गत कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्य पर जोर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here